ज़िला परिषद सीईओ श्री बृजमोहन बैरवा के नेतृत्व में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा किए गए नवाचार “वेस्ट टू आर्ट” (कचरे से कृति) को राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस नवाचार ने वेस्ट प्लास्टिक सामग्री का रचनात्मक उपयोग कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।
राज्य स्तरीय समारोह में पंचायतीराज श्री मदन दिलावर तथा राज्य मंत्री श्री ओटाराम देवासी ने जिला परिषद राजसमंद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बृजमोहन बैरवा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला परिषद राजसमंद को प्रोत्साहन स्वरूप 1 लाख 1 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बृजमोहन बैरवा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व, राजसमंद जिले की सामूहिक कार्यसंस्कृति, नवाचार एवं टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा के मार्गदर्शन सहित जिला परिषद की समस्त टीम, अधिकारियों एवं कार्मिकों को दिया। उन्होंने कहा कि जिले में नवाचारों को बढ़ावा देने, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि “वेस्ट टू आर्ट” पहल के माध्यम से वेस्ट प्लास्टिक सामग्री को उपयोगी एवं आकर्षक कलाकृतियों में परिवर्तित कर न केवल कचरा प्रबंधन की दिशा में प्रभावी कार्य किया गया, बल्कि आमजन में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी विकसित हुई है। राज्य स्तर पर प्राप्त यह सम्मान जिले के लिए गौरव का विषय है तथा भविष्य में भी नवाचार आधारित जनहितकारी कार्यों को इसी प्रकार आगे बढ़ाया जाएगा।
