शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से सोमवार को शिक्षा विभाग द्वारा विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय, राजसमंद में जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा ने शिक्षा के क्षेत्र में एक लाख रुपये अथवा उससे अधिक का सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों एवं उन्हें प्रेरित करने वाले प्रेरकों का सम्मान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर श्री हसीजा ने कहा कि मानव जीवन पर देव ऋण, पितृ ऋण एवं ऋषि ऋण सहित विभिन्न प्रकार के ऋण होते हैं। इनमें ऋषि ऋण से उऋण होने का सर्वोत्तम माध्यम शिक्षा के क्षेत्र में दान करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में किया गया सहयोग केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति की चेतना का विस्तार होता है तो वह स्वयं एवं परिवार से आगे बढ़कर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की भावना से प्रेरित होता है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए सहयोग करने वाले भामाशाह समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
जिला कलक्टर ने श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि सात्विक दान वही है, जो योग्य पात्र को उचित समय पर निःस्वार्थ भाव से प्रदान किया जाए। शिक्षा के क्षेत्र में किया गया दान सर्वाधिक प्रभावी एवं स्थायी निवेश है, जिसका लाभ वर्षों तक अनेक पीढ़ियों को प्राप्त होता है। उन्होंने शिक्षा के विकास में भामाशाहों के योगदान को अतुलनीय एवं अमूल्य बताते हुए अधिकाधिक जनसहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री रामेश्वर लाल ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा में किया गया दान समाज के समग्र विकास का आधार है तथा इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होता है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री गिरजा शंकर मिश्रा ने सभी भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
समारोह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे भामाशाहों ने शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अतिरिक्त सहयोग की घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री शिवकुमार व्यास ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री छगन पुरबिया, स्थापना अधिकारी श्री कुबेर सिंह, श्री प्रवीण सहलोत, श्री प्रांजल सिंह झाला, श्री गणपत चारण, विद्या निकेतन विद्यालय के सचिव श्री राजेश खंडेलवाल, संस्था प्रधान श्री शंकरलाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, भामाशाह एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
