ब्रेकिंग

अतिक्रमण पर कार्रवाई, 1 क्विंटल से अधिक प्रतिबंधित प्लास्टिक भी जब्त

561180

नगर परिषद राजसमंद द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को कांकरोली क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नगर परिषद आयुक्त ललित सिंह देथा के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के दौरान मुख्य चौपाटी से पुरानी सब्जी मंडी तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा व्यापारियों को सार्वजनिक मार्गों एवं दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने दुकानों के बाहर रखे गए सामान एवं सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए संबंधित व्यापारियों को भविष्य में निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापारिक गतिविधियां संचालित करने की समझाइश दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है तथा आमजन को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद द्वारा शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी।

कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की टीम ने सब्जी विक्रेताओं एवं ठेला संचालकों के पास से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री भी जब्त की। अभियान में कुल 1 क्विंटल 35 किलोग्राम 100 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई। संबंधित लोगों को राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण के हित में वैकल्पिक एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री अपनाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक दिनेश खोकर, स्वास्थ्य शाखा के विनोद जावा, जमादार गोपाल सिगोलिया, पंकज चांवरिया, आनंद सिंह, अनिल मोटा, अनिल खोकर, आबिद, रवि, नारायण, सूरज, पुष्कर सहित नगर परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *