राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत बुधवार को कुंभलगढ़ उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत टाडावाड़ा गुजरान में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी कुंभलगढ़ सुश्री साक्षी पुरी, तहसीलदार गढ़बोर तोलाराम देवासी, अतिरिक्त विकास अधिकारी हीरालाल गोयल तथा प्रशासक शंभूलाल के सानिध्य में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने आमजन को योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए प्राप्त प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया।

शिविर में राजस्व विभाग द्वारा राजस्व अभिलेखों के शुद्धिकरण के 5, आपसी सहमति से खातों के विभाजन का 1, राजस्व रिकॉर्ड की प्रति उपलब्ध कराने के 18, नामांतरण के 7 तथा सीमाज्ञान के 1 आवेदन का निस्तारण किया गया। साथ ही 26 मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र तैयार कर ऑनलाइन जारी किए गए।
पंचायतीराज विभाग द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीयन के 12, विवाह प्रमाण पत्र का 1 प्रकरण निस्तारित किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 6 पात्र लाभार्थियों के व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु आवेदन स्वीकृत किए गए तथा विकसित भारत–जी राम जी अभियान के अंतर्गत 4 नवीन विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए।
कृषि विभाग द्वारा तारबंदी योजना का 1, कृषि यंत्रों के 2 तथा सिंचाई पाइपलाइन के 2 आवेदन ऑनलाइन किए गए। विभाग ने किसानों को उड़द एवं मूंग के 43 मिनी किट वितरित किए, 10 मृदा नमूनों की जांच की तथा 85 किसानों को कृषक जागरूकता साहित्य उपलब्ध कराया। शिक्षा विभाग एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त प्रयास से पालनहार योजना के अंतर्गत 12 विद्यार्थियों के अध्ययन प्रमाण पत्र जारी कर नवीनीकरण की कार्रवाई की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के 3 तथा मुख्यमंत्री मातृ वंदन योजना के 4 आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। वहीं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत मांगी बाई भील के प्रथम पुत्री जन्म पर तहसीलदार गढ़बोर की उपस्थिति में केक काटकर बेटी के जन्म का उत्सव मनाया गया।
आयुर्वेद विभाग ने 59 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधि वितरण किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 90 रोगियों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही 25 व्यक्तियों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 3 टीकाकरण, 51 व्यक्तियों की रक्तचाप एवं शुगर जांच, 10 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग, 3 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा एक पोषण किट का वितरण किया गया।
पशुपालन विभाग ने 102 पशुओं का टीकाकरण, 90 रोगी पशुओं का उपचार, 102 पशुओं हेतु कृमिनाशक दवा वितरण, मंगला पशु बीमा योजना की 6 पॉलिसियों का वितरण कर कुल 126 पशुपालकों को लाभान्वित किया। ऊर्जा विभाग द्वारा त्रुटिपूर्ण मीटर एवं बिल संबंधी 9 शिकायतों का निस्तारण करते हुए एक ट्रांसफार्मर बदला गया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा 2 हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई।
रोडवेज विभाग ने 60 वर्ष से अधिक आयु के 9 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा पास जारी किए। वन विभाग द्वारा 50 पौधों का वितरण किया गया। रसद विभाग ने 6 राशन कार्ड संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया। शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
शिविर में अतिरिक्त सहायक विकास अधिकारी राजेश जोशी, नायब तहसीलदार सेवाराम, ग्राम विकास अधिकारी भगवान सहाय बेरवा, रमेश कुमार, सहायक निरीक्षक राकेश मीणा, पटवारी भरत कुमार, महेश कुमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छगनलाल गुर्जर सहित शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, विद्युत, ऊर्जा, राजीविका एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
