राजसमंद में धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान – “सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत जिले में संचालित विशेष अभियान को लेकर गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित हुई। प्रेस वार्ता में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 73 जनजातीय गांवों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं वंचित जनजातीय क्षेत्रों तक शासन की सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत कौशल विकास, शत-प्रतिशत विद्युत सुविधा, रोजगार, शुद्ध पेयजल, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा सहित 11 प्रमुख उद्देश्यों की पूर्ति के लिए विभिन्न विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी आदिवासी व्यक्ति सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए इधर-उधर भटकना या कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

कलक्टर ने बताया कि वर्तमान में प्रत्येक चयनित गांव में आदि कर्मयोगियों की नियुक्ति की गई है, जो गांव स्तर पर समन्वय स्थापित कर रहे हैं तथा योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा अभियान की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनसंपर्क, सेवा संतृप्ति, स्वास्थ्य पहुंच एवं आजीविका सशक्तिकरण से जोड़कर संचालित किया जा रहा है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 मई को अभियान सप्ताह का शुभारंभ किया गया, जिसमें जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तरीय अधिकारियों का ओरिएंटेशन एवं अभियान लॉन्च किया गया। 19 मई से 25 मई तक गांवों में सैचुरेशन एवं पौधरोपण अभियान के साथ पात्रता शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 20 मई को फील्ड स्तर पर ग्राम संपर्क गतिविधियां आयोजित हुईं, जिनमें अधिकारी, आदि कर्मयोगी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा गांवों में ट्रांजेक्ट वॉक कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया तथा जनसुनवाई तिथियों की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि 21 मई से 23 मई तक जनसुनवाई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनमें आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण एवं पात्रता संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है। 24 मई को अभियान की डॉक्यूमेंटेशन प्रक्रिया के तहत प्रूफ कार्ड एवं प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसमें शिकायतों की सुनवाई, निस्तारित प्रकरण, लंबित प्रकरण एवं फॉलोअप की जानकारी संकलित होगी।
प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं बल्कि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाकर वास्तविक सामाजिक परिवर्तन सुनिश्चित करना है।
