राजसमंद विधायक एवं किरण माहेश्वरी स्मृति मंच की संयोजिका दीप्ति किरण माहेश्वरी के नेतृत्व में राजसमंद विधानसभा क्षेत्र का भव्य होली स्नेह मिलन समारोह देव हेरिटेज, 100 फीट रोड परिसर, राजसमंद में उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं कार्यकर्ता बंधुओं युवा साथियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आत्मीय स्वागत करते हुए सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि होली का पर्व भारतीय संस्कृति में प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व हमारे जीवन से राग-द्वेष को दूर कर आपसी संबंधों में नए रंग भरने का संदेश देता है।
समारोह के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने इस भव्य आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि होली का पर्व समाज में आपसी मतभेदों को भुलाकर प्रेम और भाईचारे के साथ मिलकर खुशियाँ मनाने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, अपनत्व और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक फाग के मधुर गीतों, चंग के थाप और भजन-कीर्तन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो उठा। उपस्थित जनसमूह गुलाल और अबीर के रंगों में सराबोर होकर होली की खुशियों में झूमता नजर आया, जिससे पूरा परिसर रंग और उमंग से भर गया।
मेवाड़ की समृद्ध आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक इस आयोजन में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में रंगों की उमंग, भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने कार्यक्रम को अत्यंत यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी तथा समाज में सौहार्द, भाईचारे और खुशहाली की कामना की। आयोजकों ने कहा कि ऐसे सामूहिक कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते
हैं
