ब्रेकिंग

“जयपुर के एसी कमरों में नहीं, अब गाँव की चौपाल पर बनेगा विकास का खाका: राजसमंद में बोले मुख्य सचिव”

178625

राजस्थान प्रदेश के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने राजसमंद जिले के गुंजोल गाँव पहुँचकर ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान’ के तहत आयोजित ग्राम सभा में शिरकत की। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि अब गाँवों का मास्टर प्लान राजधानी के कमरों में नहीं, बल्कि सीधे ग्रामीणों के सुझावों से गाँव की चौपाल पर तैयार होगा।

राजसमंद की खमनोर पंचायत समिति के गुंजोल गाँव में शुक्रवार को उत्साह का माहौल रहा। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने यहाँ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्य सचिव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि 19 मार्च से 15 मई तक चलने वाले इस विशेष अभियान का मूल मंत्र जन-केंद्रित योजना और समावेशिता है। उन्होंने कहा:

“सड़क, पानी, बिजली और चिकित्सा जैसे हर क्षेत्र में जब आमजन अपने सुझाव देंगे, तभी एक सफल और व्यवहारिक मास्टर प्लान संभव हो पाएगा।”

मुख्य सचिव ने डिजिटल क्रांति का जिक्र करते हुए राजसमंद के निवासियों की सराहना की। उन्होंने राजस्थान के संपर्क पोर्टल 181 को देश की सबसे उत्कृष्ट जनसुनवाई प्रणाली बताया, जहाँ शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने सहभागिता पर जोर दिया, वहीं जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने विश्वास दिलाया कि राजसमंद का मास्टर प्लान पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बनेगा। कलक्टर ने कहा कि मुख्य सचिव का स्वयं शिविर में आना इस बात का प्रमाण है कि सरकार ग्रामीण विकास को लेकर कितनी गंभीर है।

मुख्य सचिव ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और राजीविका स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनके द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल सहित जिले के तमाम आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अब देखना यह है कि गुंजोल से शुरू हुई यह जन-भागीदारी राजस्थान के ग्रामीण परिदृश्य को कितना बदल पाती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *