ब्रेकिंग

नाथद्वारा पहुंचे राजस्थान के मुख्य सचिव: युवाचार्य विशाल बावा से लिया आशीर्वाद, वैष्णव सुविधाओं पर हुई चर्चा।

179329

प्रदेश के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास आज राजसमंद जिले के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा पहुंचकर प्रभु के चरणों में शीश नवाया। अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने न केवल दर्शन किए, बल्कि मंदिर की व्यवस्थाओं और आगामी विकास योजनाओं का बारीकी से निरीक्षण भी किया।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास शुक्रवार को नाथद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीनाथजी की संध्या आरती झांकी के दर्शन किए। मंदिर परंपरा के अनुसार उनका भव्य स्वागत किया गया। दर्शन के पश्चात मुख्य सचिव ने देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरामानी और कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के साथ मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रमुख बिंदु:

आधुनिक दर्शन व्यवस्था: मुख्य सचिव ने मंदिर में लागू की गई पंक्तिबद्ध दर्शन व्यवस्था, वेटिंग हॉल और बुजुर्गों व निशक्तजनों के लिए किए गए विशेष प्रबंधों को देखा। विशेष रूप से क्यूआर कोड आधारित ऑटोमैटिक फ्लैप गेट की तकनीक को उन्होंने काफी सराहा।

आध्यात्मिक भेंट: दर्शन के बाद श्रीनिवास ने युवाचार्य चिरंजीवी विशाल बावा से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। विशाल बावा ने उन्हें उपरना ओढ़ाकर और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने ठाकुरजी की राग, भोग और श्रृंगार की प्राचीन सेवा प्रणाली के बारे में भी जिज्ञासा व्यक्त की।

ईको-फ्रेंडली पहल: मंदिर मंडल की ओर से भारतभूषण व्यास ने आगामी नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशाल बावा के निर्देशन में वेस्ट मैनेजमेंट और ग्रीन एनर्जी के लिए गोबर गैस प्लांट की योजना पर काम चल रहा है। साथ ही, मंदिर के उच्छिष्ट (फल-फूल) को रिसायकल कर नए उत्पाद बनाए जा रहे हैं।

नगर के प्रमुख मार्गों को गोद लेने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों को देखकर मुख्य सचिव काफी प्रभावित नजर आए। इस दौरान मंदिर मंडल सीईओ जितेंद्र पंड्या और जिला प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने मंदिर प्रशासन के इन प्रयासों को अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी एक मिडल (मॉडल) बताया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *