ब्रेकिंग

खमनोर में विकसित भारत जन सेवा अभियान शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ

18_09_2026_RAJSAMAND_PRESS_NOTE_02-2

विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत खमनोर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बृजमोहन बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान उपखंड अधिकारी भागीरथ सिंह, तहसीलदार सुरेश नाहर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से मौके पर ही लाभान्वित किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ ही विभिन्न प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया गया।

शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अधिकारियों एवं विभागीय कार्मिकों द्वारा प्रकरणों की मौके पर ही जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में राजस्व, पंचायतीराज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

हाथों-हाथ मिला समस्याओं का समाधान:

मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बृजमोहन बैरवा ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

शिविर के दौरान ग्रामीणों में सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। ग्रामीणों ने गांव में ही विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

वयोवृद्ध काश्तकार हीरालाल ब्राह्मण को मौके पर राहत:

103 वर्षीय वयोवृद्ध काश्तकार हीरालाल ब्राह्मण की पुश्तैनी कृषि भूमि के आपसी सहमति से विभाजन की प्रक्रिया मौके पर ही पूर्ण कर आदेश जारी किया गया। 103 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हीरालाल ब्राह्मण की इच्छा थी कि उनके जीवनकाल में ही परिवार के सभी सदस्यों के मध्य पुश्तैनी कृषि भूमि का सहमति से विभाजन हो जाए, ताकि भविष्य में परिवार के सदस्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। इसी उद्देश्य से वे अपने परिजनों के साथ ग्राम खमनोर में आयोजित शिविर में पहुंचे और अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी।

अधिकारियों ने वयोवृद्ध काश्तकार की आयु एवं उनकी भावना को ध्यान में रखते हुए राजस्व प्रकरण का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में डॉ. सुरेश नाहर एवं राजस्व टीम ने परिवार के सभी संबंधित सदस्यों की उपस्थिति में प्रकरण की जानकारी ली तथा आपसी सहमति से भूमि विभाजन की प्रक्रिया पूर्ण करवाई।

राजस्व टीम द्वारा अभिलेखों का परीक्षण एवं आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए सभी वारिसों के हक एवं हिस्सों का निर्धारण किया गया। परिवार के सभी सदस्यों ने आपसी सहमति व्यक्त की, जिसके बाद मौके पर ही भूमि के सहमति विभाजन का आदेश जारी कर उसकी प्रति हीरालाल ब्राह्मण को सुपुर्द की गई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *