जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिला कलक्टर ने विभागवार संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन द्वारा दर्ज प्रत्येक परिवेदना का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल राज्य सरकार का महत्वपूर्ण जनशिकायत निवारण मंच है, जिसके माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है कि शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में तथ्यात्मक एवं संतोषजनक समाधान किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनावश्यक रूप से किसी भी प्रकरण को लंबित नहीं रखा जाए तथा नियमित रूप से पोर्टल की मॉनिटरिंग कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। जिन प्रकरणों में विभागीय समन्वय की आवश्यकता हो, उनमें आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारित किए जाने वाले प्रत्येक प्रकरण में तथ्यात्मक रिपोर्ट एवं आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर समय पर अपलोड किए जाएं, ताकि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान प्राप्त हो सके।

जिला कलक्टर ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की संख्या कम करने, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्रतिशतता बढ़ाने तथा शिकायतों के दोहराव को रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए संपर्क पोर्टल के प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी।
