ब्रेकिंग

मेवाड़वासियों की पीड़ा के साथ खड़े हुए महाराणा विश्वराज सिंह, प्रवासी दुग्ध व्यवसायियों को राहत दिलाने की उठाई आवाज

637392

मेवाड़ की परंपरा सदैव अपने लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने की रही है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए उदयपुर के महाराणा एवं नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने महाराष्ट्र में दुग्ध व्यवसाय से जुड़े मेवाड़ मूल के हजारों प्रवासी परिवारों की चिंता को अपनी आवाज दी है।

महाराणा विश्वराज सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर एफडीए द्वारा खुले दूध के व्यवसाय के लिए लागू किए गए नए नियमों के पालन हेतु 9 माह की समय-सीमा देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई सहित महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में वर्षों से दुग्ध व्यवसाय कर रहे अधिकांश मेवाड़वासी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और अचानक नई व्यवस्था लागू होने से उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि मेवाड़ संभाग के राजसमंद, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा सहित नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के अनेक परिवार रोजगार के लिए महाराष्ट्र में रहकर दुग्ध व्यवसाय कर रहे हैं। आज ये परिवार अपने भविष्य को लेकर मानसिक तनाव और गहरी चिंता में हैं। ऐसे समय में सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें नई तकनीकी व्यवस्था, पैकेजिंग और अन्य आवश्यक संसाधन विकसित करने के लिए पर्याप्त समय देना चाहिए।

महाराणा विश्वराज सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सरकार 9 माह की मोहलत प्रदान करती है, तो सभी दुग्ध व्यवसायी महाराष्ट्र सरकार एवं एफडीए की गाइडलाइन के अनुरूप स्वयं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर नियमों का पूर्ण पालन कर सकेंगे।

मेवाड़वासियों ने महाराणा विश्वराज सिंह द्वारा प्रवासी समाज की आजीविका और हितों की रक्षा के लिए उठाई गई इस पहल का स्वागत करते हुए इसे मेवाड़ के लोगों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का परिचायक बताया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *