ब्रेकिंग

नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

557571

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कालाल की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की जिला स्तरीय समिति की बैठक सोमवार प्रातः कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशे के विरुद्ध प्रभावी रोकथाम, विभिन्न विभागों के समन्वय तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कालाल ने कहा कि नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना आवश्यक है। इसके लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाए। उन्होंने जिले में सभी प्रकार के नशे के विरुद्ध प्रभावी जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को विशेष रूप से जागरूक किया जाए, जिससे वे नशे के दुष्प्रभावों से बचते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाएं।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी पीईईओ की कार्यशाला शीघ्र जिला परिषद में आयोजित की जाए, जिसमें नशा मुक्ति अभियान की रूपरेखा, विद्यालय स्तर पर संचालित की जाने वाली गतिविधियों तथा जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाए। साथ ही जिले के समस्त राजकीय विद्यालयों में नशा मुक्ति विषय पर कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में आमजन तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। जिला पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जिले के सभी पेट्रोल पंप, उचित मूल्य की दुकानों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायत भवनों, टोल बूथ सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नशे के विरुद्ध जागरूकता संबंधी संदेश, पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री प्रदर्शित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने विभिन्न विभागों से अपने-अपने स्तर पर नियमित जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।

बैठक में एडीएम नरेश बुनकर, एडिशनल एसपी महेंद्र पारीक, उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता, एएनटीएफ उदयपुर से पुलिस निरीक्षक कंवरपाल सिंह सहित शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभागवार कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए आगामी समय में नशा मुक्ति अभियान को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *