राज्य सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम अंतर्गत एक जिला एक खेल-होकी हेतु आयोजित जिला स्तरीय सिक्स ए साइड हॉकी प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ। भाणा स्थित हॉकी एस्ट्रो टर्फ पर आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्थानों से पहुंची बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के उत्साह, जोश और बेहतरीन खेल कौशल ने राजसमंद में हॉकी के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।

जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में हॉकी खेल को प्रोत्साहित करना, नई खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा राजसमंद की हॉकी परंपरा को पुनर्जीवित करना रहा। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार पासिंग, आक्रामक खेल और बेहतरीन रक्षात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
बालक वर्ग में रेलमगरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। कुंवारिया की टीम द्वितीय तथा मेजबान भाणा की टीम तृतीय स्थान पर रही। वहीं बालिका वर्ग में कुंवारिया की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। रेलमगरा की टीम ने द्वितीय तथा आमेट की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

जिला खेल अधिकारी धर्म देव सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों को क्रमशः 11 हजार, 8 हजार एवं 6 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिले में हॉकी को नई पहचान दिलाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राजसमंद में हॉकी को पुनः मजबूत आधार देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में विश्वविख्यात अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यानचंद एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दलजिंदर सिंह के सान्निध्य में 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी कराया गया था। प्रशिक्षण शिविर से खिलाड़ियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त हुआ और उनमें खेल के प्रति आत्मविश्वास एवं तकनीकी दक्षता का विकास हुआ।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता में जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और निरंतर मेहनत की सीख देता है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा को और निखारते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर राजसमंद का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि मैदान पर उतरना ही अपने आप में उपलब्धि है और प्रत्येक खिलाड़ी को हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले की प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताएं और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिलें। सिक्स ए साइड हॉकी प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए राजसमंद में हॉकी के प्रति उत्साह को नई गति दी है।
