ब्रेकिंग

राजसमंद के गढ़बोर स्थित चारभुजा नाथ मंदिर में फागोत्सव की शुरुआत

charbhuja_nath_photo

15 दिनों तक ठाकुरजी के संग खेली जाएगी होली, शाम को होगा पारंपरिक गैर नृत्य

राजसमंद जिले के गढ़बोर स्थित मेवाड़ के प्रसिद्ध तीर्थ चारभुजा नाथ मंदिर में धुलंडी के साथ ही भक्ति और परंपरा का अनोखा उत्सव फागोत्सव शुरू हो गया है।
करीब 15 से 16 दिनों तक चलने वाला यह उत्सव मेवाड़ की संस्कृति और श्रद्धा का अद्भुत संगम माना जाता है।

धुलंडी के दिन भगवान चारभुजा नाथ के बाल स्वरूप को पालकी में विराजित कर गर्भगृह से बाहर लाया जाता है, जहां भक्तों के साथ गुलाल, अबीर और फूलों से होली खेली जाती है।

मंदिर परिसर में ढोल-मंजीरों की धुन और हरजस भजनों की गूंज के साथ पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति में डूब जाता है।

फागोत्सव के दौरान हर शाम मंदिर परिक्रमा में पुजारी परिवार द्वारा पारंपरिक मेवाड़ी वेशभूषा में गैर नृत्य किया जाता है, जो मेवाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करता है।

इस दौरान भगवान को इत्र, केसर और अमल का भोग लगाया जाता है।
वहीं पुजारी द्वारा भीम कुंड की बावड़ी से सोने और चांदी के कलश में जल लाकर ठाकुरजी का अभिषेक किया जाता है।

चारभुजा नाथ के इस भव्य फागोत्सव में राजस्थान ही नहीं बल्कि गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से भी हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

charbhuja_phagan_mahotsav

गढ़बोर का यह फागोत्सव आस्था, भक्ति और मेवाड़ की परंपरा का जीवंत उत्सव बन गया है, जहां भक्त और भगवान रंगों के इस पावन पर्व में एक साथ सराबोर नजर आते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *