ब्रेकिंग

रिश्वतखोर JEN पर ACB का शिकंजा: रायपुर में 15,000 रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, राजसमंद टीम की बड़ी कार्रवाई।

राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को आगे बढ़ाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आज एक और बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यावर जिले के रायपुर में एसीबी की राजसमंद इकाई ने कार्रवाई करते हुए एक सहायक अभियंता (JEN) को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।मामला ब्यावर जिले की पंचायत समिति रायपुर का है, जहाँ कार्यरत सहायक अभियंता प्रदीप कुमार को 15,000 रुपये की घूस लेते पकड़ा गया है। एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, आरोपी प्रदीप कुमार परिवादी के लंबित पड़े बिलों की मेजरमेंट बुक (MB) भरने की एवज में 21,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

परेशान होकर परिवादी ने इसकी शिकायत राजसमंद एसीबी चौकी में दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन होने के बाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत चारण के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और आज आरोपी JEN को 15,000 रुपये की नकदी के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।

एसीबी की जांच में एक और चौंकाने वाला नाम सामने आया है। सीडीपीओ बदनोर (अतिरिक्त चार्ज रायपुर) मनीष मीणा ने भी इसी मामले में परिवादी से बिल पास करने की एवज में 2,30,000 रुपये की भारी-भरकम रिश्वत मांगी थी। हालांकि, सौदा 1,80,000 रुपये में तय हुआ था, लेकिन मुख्य आरोपी मनीष मीणा को एसीबी की कार्रवाई की भनक लग गई और वह फिलहाल पकड़ में नहीं आ सका।

फिलहाल, अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में एसीबी की टीम आरोपी सहायक अभियंता से पूछताछ कर रही है। विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *