श्रीनाथजी की नगरी के लाल बाग स्थित राजकीय अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। महिला कांग्रेस ने अस्पताल में व्याप्त धांधली और सत्ताधारी दल की मनमानी के खिलाफ पीएमओ (PMO) डॉ. अनिल शाह का घेराव किया।
महिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष मनोरमा डाबी और ब्लॉक अध्यक्ष गौरी चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अस्पताल का औचक दौरा किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सोमवार को ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रशांत गिरी नशा करके मरीजों का इलाज कर रहे थे, जिनसे सम्पर्क करने के बाद डॉक्टर फोन स्विच ऑफ कर मौके से भाग निकले। महिला कांग्रेस ने सवाल उठाया कि नशे में गलत दवा लिखने पर मरीजों की जान का जिम्मेदार कौन होगा?

इसके साथ ही, अस्पताल में थायराइड और यूरिन समेत 10 से ज्यादा जरूरी जांचें बंद पड़ी हैं, जिससे मरीजों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
“अस्पताल में सुविधाओं के नाम पर केवल दिखावा हो रहा है। सत्ताधारी भाजपा के नेता प्रतिबंधित जांच लैब में बिना रोक-टोक घूम रहे हैं और असली मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है।”

महिला कांग्रेस ने इन तमाम लापरवाहियों और भाजपा नेताओं की मनमानी के सबूत पीएमओ को सौंपे हैं, जिस पर पीएमओ ने जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
