राजसमन्द विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार को एक और नई दिशा मिली है। नगर क्षेत्र धोईन्दा (मेहता मंगरी) में बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत राजकीय बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के नवीन भवन का भव्य शिलान्यास किया गया। राजसमन्द विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर इस नवीन भवन की आधारशिला रखी। करीब 2 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय क्षेत्र के पशुपालकों और किसानों के लिए एक वरदान साबित होगा।

इस बहुउद्देशीय चिकित्सालय के निर्माण से पशुपालकों को आधुनिक एवं बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएँ, समय पर इलाज और टीकाकरण, सटीक रोग निदान तथा आपातकालीन सेवाएँ आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे क्षेत्र में पशुधन के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आजीविका को नई मजबूती प्राप्त होगी।

इस अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने इस जनहितकारी परियोजना के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार कर रही है।

