राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की शृंखला के अंतर्गत रविवार को सुबह आठ बजे बालकृष्ण स्टेडियम से महाराणा प्रताप उद्यान तक विशाल विकसित रन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। विकसित रन में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, कॉलेज, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों में राजस्थान को विकसित और समृद्ध बनाने के संकल्प का विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेश बुनकर, एएसपी महेंद्र पारीक, खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
विकसित रन का समापन महाराणा प्रताप उद्यान में हुआ, जहाँ समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दौड़ में अग्रिम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में राजस्थान दिवस को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया और सभी ने मिलकर विकसित राजस्थान के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
